सागर। शरद पूर्णिमा के अवसर पर बाहुबली कॉलोनी से प्रारंभ हुई महाआरती यात्रा वर्णी कॉलोनी एवं गौराबाई मंदिर होते हुए म्युनिसिपल स्कूल के सामने स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। वहीं रामपुरा एवं वर्णी कॉलोनी से भी आरती यात्राएं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं। विभिन्न क्षेत्रों से आई प्रतिभागियों ने भक्ति एवं श्रद्धा के साथ आरती की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
मुकेश जैन ढाना ने बताया कि आरती प्रतियोगिता के लिए दो श्रेणियां निर्धारित की गई थीं व्यक्तिगत श्रेणी एवं महिला मंडल श्रेणी प्रतियोगिता में प्रस्तुत सभी आरतियों का निर्णायक मंडल द्वारा सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया। निर्णायक मंडल में पीसी नायक, आकांक्षा जैन एवं अर्पिता सिंघई शामिल रहीं। निर्णायक मंडल ने सभी प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कर परिणाम घोषित किए।
व्यक्तिगत श्रेणी के विजेता
व्यक्तिगत श्रेणी में प्रथम पुरस्कार श्रुति चक्रेश जैन, द्वितीय पुरस्कार मान्या दिलीप जैन, तृतीय पुरस्कार रुचिता साकेत जैन तथा चतुर्थ पुरस्कार वैशाली राकी जैन को प्रदान किया गया।
महिला मंडल श्रेणी के परिणाम
महिला मंडलों द्वारा प्रस्तुत आरतियों में पार्श्व प्रगति महिला मंडल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मैत्री महिला मंडल, रामपुरा को द्वितीय, चन्द्रप्रभ महिला मंडल, वर्णी कॉलोनी को तृतीय तथा क्षमासागर महिला मंडल, बड़ा बाजार को चतुर्थ पुरस्कार प्राप्त हुआ।
सभी महिला मंडलों ने सामूहिक रूप से आरती प्रस्तुत कर भक्ति, समर्पण एवं धार्मिक उत्साह का परिचय दिया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना की गई तथा विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आरती प्रतियोगिता के प्रभारी मुकेश जैन मिनरल ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करना तथा सामूहिक भक्ति भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।