कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के अमर्यादित बयान के विरोध में भाजपा का उग्र प्रदर्शन; भाजपा विधानसभा मण्डल के नेतृत्व में फूंका गया पुतला
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का पुतला जलाया
सत्ता से बेदखल होने की छटपटाहट में मर्यादा भूली कांग्रेस, असामाजिक तत्वों और माफिया गैंग की तरह कर रही आचरण: विधायक अनुज शर्मा
सुरेंद्र जैन धरसीवां
धरसीवाँ विधानसभा अंतर्गत पुराना विधानसभा चौक के पास भारतीय जनता पार्टी विधानसभा मण्डल द्वारा विधायक अनुज शर्मा के कुशल नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का विरोध करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया गया तथा उनका पुतला दहन किया गया। यह प्रदर्शन कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी तथा उनके परिवार के पूज्य सदस्यों के प्रति प्रयोग की गई अत्यंत अमर्यादित, अशोभनीय भाषा और कांग्रेस की माफिया जैसी कार्यशैली के खिलाफ आयोजित किया गया था।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कांग्रेस पार्टी से देश की जनता व प्रधानमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
मर्यादा और राजनीतिक शुचिता का पतन: विधायक अनुज शर्मा
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए धरसीवाँ विधायक अनुज शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अमर्यादित भाषा और माफिया जैसी कार्यशैली — यही आज की कांग्रेस पार्टी का असली चरित्र बन चुका है। अतीत में जिस प्रकार की ओछी और स्तरहीन भाषा का प्रयोग केवल समाज के असामाजिक तत्वों द्वारा किया जाता था, आज दुर्भाग्यवश देश की सबसे पुरानी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उसी निम्न स्तर पर उतर आए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष का यह बयान इस बात का जीवंत प्रमाण है कि इनकी पूरी कार्यशैली अब किसी जिम्मेदार राजनीतिक दल की न रहकर केवल एक माफिया गैंग जैसी होकर रह गई है। विधायक अनुज शर्मा ने आगे कहा कि लगातार मिल रही चुनावी हारों से कांग्रेस के अंदर भयंकर हताशा और खीझ पैदा हो चुकी है। सत्ता से बेदखल होने की छटपटाहट का आलम यह है कि इनके शीर्ष नेता सड़कों पर उतरकर कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हैं और अपने ही मंचों व सार्वजनिक कार्यक्रमों में अपने ही कार्यकर्ताओं व नेताओं को धक्का-मुक्की करते नजर आते हैं।

विदेशों की खाक छान रहे ‘युवराज’ पर साधा निशाना
प्रैस को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि खड़गे जी के अनर्गल बयानों और सत्ता के काल्पनिक सपनों को सच साबित करने की होड़ में इनके ‘युवराज’ कभी वियतनाम तो कभी कोलंबिया की खाक छान रहे हैं। लेकिन विदेशी धरती से देश को बदनाम करने और देश के भीतर गाली-गलौज की राजनीति करने से कांग्रेस का जनाधार वापस लौटने वाला नहीं है।
जनता कभी पूरा नहीं होने देगी सत्तामोह का ख्वाब
विधायक अनुज शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश और प्रदेश की जनता कांग्रेस की इस कुत्सित मानसिकता, अमर्यादित आचरण और राजनीतिक विफलताओं को भली-भांति जान चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश का हर नागरिक सुरक्षित और स्वाभिमानी महसूस कर रहा है। कांग्रेस का यह अहंकार और सत्तामोह का ख्वाब देश की जनता कभी पूरा नहीं होने देगी और आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से इसका करारा जवाब देगी।
प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता रहे उपस्थित
पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन के दौरान विधायक अनुज शर्मा, ज़िला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, उपाध्यक्ष संदीप यदु, सविता चंद्राकर, अशोक सिन्हा, सुनील शर्मा, चंद्रकांत साहू, नितिन अग्रवाल, राजेंद्र विश्वकर्मा, सुरेश साहू, हनुमंत आडिल, गोपेश साहू, रॉबिन साहू,योगेश साहू, चंद्रकांत वर्मा, मयंक यादव सहित धरसीवाँ विधानसभा मण्डल के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला प्रतिनिधि, मण्डल अध्यक्ष, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा तथा सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कांग्रेस की इस विभाजनकारी व स्तरहीन राजनीति का कड़ा प्रतिवाद किया।