मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
तीर्थधाम ज्ञानोदय में भगवान नेमिनाथ के मोक्ष कल्याणक महोत्सव एवं शाश्वत अष्टाह्निका पर्व के अंतर्गत धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ जारी रही। इसी क्रम में पंडित अजित जैन (सागर वाले) की वैवाहिक वर्षगांठ के पावन अवसर पर उनके परिवार के सौजन्य से श्री सर्वज्ञ देव विधान का भव्य आयोजन संपन्न हुआ।

विधान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान की आराधना, पूजन-अर्चन एवं मंगलमय विधान के माध्यम से धर्मलाभ अर्जित किया। पूरे परिसर में मंत्रोच्चार, भक्ति गीतों और धार्मिक अनुष्ठानों से आध्यात्मिक वातावरण निर्मित हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान नेमिनाथ के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया तथा विश्व शांति, सुख-समृद्धि और मानव कल्याण की मंगलकामना की।
आयोजकों ने बताया कि शाश्वत अष्टाह्निका पर्व के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम, पूजन, विधान एवं प्रवचन आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें समाजजन उत्साहपूर्वक भाग लेकर पुण्यार्जन कर रहे हैं। पंडित अजित जैन एवं उनके परिवार ने इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए धर्म सेवा को जीवन का सर्वोच्च सौभाग्य बताया।