सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले के गैरतगंज नगर में जल निकासी व्यवस्था की पोल बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात हुई तेज बारिश ने खोलकर रख दी। बारिश के बाद नगर के मुख्य सड़क मार्ग सहित कई वार्डों की सड़कों और गलियों में पानी भर गया, जिससे रहवासियों को पूरी रात परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार नगर में नालियों का निर्माण तो किया गया है, लेकिन निकासी व्यवस्था के अभाव में बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो जाता है। कई स्थानों पर पानी की निकासी नहीं हो सकी और जलभराव की स्थिति बन गई। बारिश के बाद मुख्य सड़क मार्ग, गलियों और निचले इलाकों में पानी भर जाने से लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ। कई घरों के आसपास भी पानी जमा होने से रहवासियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। लोगों ने बताया कि हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
नगरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए तो जलभराव जैसी समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल निकासी व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे अपनी मांगों को लेकर प्रशासन के समक्ष आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।