सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता हुए शामिल, सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों को प्रभावी बनाने का आह्वान
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज के समीप स्थित सुखी सेवनिया स्थित पटेल बाबा मंदिर पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) का 62वां स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला वीर सावरकर के गौशाला प्रखंड सहित प्रखंड की समस्त खंड इकाइयों में संपन्न हुआ। इसमें सैकड़ों विहिप पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में विहिप भोपाल विभाग मंत्री जीवन शर्मा और विभाग सह मंत्री हरिओम शर्मा ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। जीवन शर्मा ने विश्व हिंदू परिषद की स्थापना, संगठन के उद्देश्यों और विभिन्न गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साधु-संतों के मार्गदर्शन में हिंदू समाज में समरसता, एकता और धर्म के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विहिप के गठन का संकल्प लिया गया था।
विभाग सह मंत्री हरिओम शर्मा ने कार्यकर्ताओं से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने सनातन संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकजुटता की रक्षा का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम के समापन से पूर्व विहिप जिला मंत्री नितिन साहू ने सकल हिंदू समाज से संगठन से जुड़ने तथा हिंदू मानबिंदुओं के साथ देश और धर्म की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। अंत में भारत माता की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम में जिला गौरक्षा प्रमुख बलवीर यादव, प्रखंड मंत्री राहुल कुशवाह, प्रखंड संयोजक प्रदीप चौकसे, प्रखंड गौरक्षा प्रमुख संजय कुशवाह, समरसता प्रमुख सोनू बैरागी, संतोष यादव, संतोष मीणा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।