रायसेन। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ मध्य प्रदेश (जिला इकाई, रायसेन) के तत्वावधान में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। संघ द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपे गए नोटिस के अनुसार, कर्मचारी आज यानी 2 जून 2026 से सभी ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्यों का पूर्ण बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं।

कर्मचारियों की मुख्य मांगों में मुख्यमंत्री द्वारा 30 जनवरी 2026 को की गई घोषणा के अनुसार नियमितीकरण का लाभ देना, एनपीएस व स्वास्थ्य बीमा का लाभ, अन्य राज्यों की तरह 10% वार्षिक वेतन वृद्धि और नियमित कर्मचारियों की तरह महंगाई भत्ता व अवकाश प्रदान करना शामिल है।
आंदोलन के अगले चरण में 8 जून 2026 को प्रदेश भर के संविदा कर्मचारी भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि स्वास्थ्य सेवाओं में व्यवधान आता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।