मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम अंबाडी में पेयजल समस्या को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गांव की महिलाएं खाली बर्तन लेकर ग्राम पंचायत भवन पहुंचीं और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में कई दिनों से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में रात के समय नल चालू किए जाते हैं, जिसके कारण लोगों को पूरी रात जागकर पानी भरना पड़ता है। इससे दूसरे दिन के जरूरी कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं। महिलाओं ने बताया कि जो पानी सप्लाई हो रहा है वह भी गंदा और दूषित है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों ने पंचायत पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यह एक-दो दिन की नहीं बल्कि वर्षों पुरानी समस्या है। गांववासी लंबे समय से साफ और नियमित पेयजल की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं हो सकी है।
वहीं सरपंच कुंती रमेश कुमार अहिरवार ने बताया कि कुछ दिन पहले अंबाडी मेन रोड पर अंडरग्राउंड नाली का निर्माण कराया गया था। आशंका है कि किसी ग्रामीण के घर का नल लीकेज होने के कारण गंदा पानी सप्लाई लाइन में पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत द्वारा लीकेज खोजने का प्रयास किया गया, लेकिन अभी तक समस्या का सही कारण पता नहीं चल पाया है।