मुरैना।राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया के मुरैना दौरे के दौरान भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे भेंट कर कैलारस शुगर मिल को पुनः प्रारंभ किए जाने की मांग रखी।
किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल को पवैया ने आश्वस्त किया कि मध्यप्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का इस विषय में दृष्टिकोण सकारात्मक है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस विषय पर मुख्यमंत्री से चर्चा कर चुके हैं तथा उन्हें उम्मीद है कि इस अंचल के किसानों के हित में शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं मानते हैं कि शुगर मिल प्रारंभ होने से न केवल चंबल जैसे बड़े क्षेत्र के किसान खुशहाल होंगे, बल्कि युवाओं को भी रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

पवैया ने भारतीय किसान संघ से कहा कि वे क्षेत्र में जाकर गन्ना उत्पादक किसानों से गन्ने की पैदावार बढ़ाने के संबंध में संवाद स्थापित करें। उन्होंने कहा कि गन्ने के बीज की प्रारंभिक व्यवस्था जैसे विषयों में राज्य सरकार आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि जब भारतीय किसान संघ, सहकार भारती एवं लघु उद्योग भारती जैसे संगठन लगातार प्रयासरत हैं, तब मध्यप्रदेश सरकार भी इस मुद्दे को गंभीरता से लेकर सकारात्मक दिशा में कार्य कर रही है।