सी के पारे भोपाल
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज भोपाल में जल्द ही अत्याधुनिक लंग ट्रांसप्लांट (फेफड़ा प्रत्यारोपण) की सुविधा शुरू होने जा रही है। यह सुविधा 28 मार्च से शुरू होने की तैयारी में है, जिससे प्रदेश के गंभीर फेफड़ा रोगियों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी तक ऐसे मरीजों को इलाज के लिए दिल्ली, मुंबई या चेन्नई जैसे बड़े शहरों में जाना पड़ता था, जिससे समय और लाखों रुपये खर्च होते थे।
एम्स भोपाल में यह सेवा शुरू होने के बाद मध्य भारत का यह पहला सरकारी संस्थान होगा जहां लंग ट्रांसप्लांट की सुविधा उपलब्ध होगी। अस्पताल में इसके लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और विशेष आईसीयू की व्यवस्था की गई है।
इस जटिल सर्जरी के लिए अत्याधुनिक मशीनें और तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिससे ऑपरेशन की सफलता की संभावना बढ़ेगी। डॉक्टरों का कहना है कि फेफड़ों की गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए यह सुविधा जीवनदान साबित हो सकती है।
एम्स भोपाल में यह सुविधा शुरू होने से मध्य प्रदेश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ और आसपास के राज्यों के मरीजों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। अब मरीजों को दूर शहरों में भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी और इलाज अपने ही क्षेत्र में संभव हो सकेगा।
यह पहल प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।