जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होने सहजपुर जा रहा था परिवार
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गैरतगंज-सिलवानी मार्ग पर मंगलवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम करमोदी के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दूसरी बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला नर्मदापुरम की पिपरिया तहसील के ग्राम खपड़िया निवासी राहुल यादव (40 वर्ष) अपनी पत्नी संध्या के साथ बाइक पर सवार होकर गैरतगंज तहसील के ग्राम सहजपुर जा रहे थे। वे वहां अपने एक रिश्तेदार के घर आयोजित जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन शाम करीब 6 बजे करमोदी के पास सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में राहुल यादव की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार ग्राम हीरापुरा जिला सागर निवासी भूपेंद्र लोधी और मनोज लोधी सहित राहुल की पत्नी संध्या गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल गैरतगंज पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।