4 घंटे में 4 किलोमीटर का सफर तय कर शहर के विभिन्न मार्गो से होकर रामलीला मैदान पहुंची राम जी की बारात
चारों राजकुमारों के दर्शनों के लिए सड़कों के आस पास जुटी दर्शकों की भीड़
सी एल गौर रायसेन
रामलीला मेला आयोजन के चलते सोमवार को नगर के चोपड़ा मोहल्ला मंदिर से शाम 4:00 बजे भगवान राम,लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न की बारात धूमधाम के साथ निकाली गई, जो कि शहर के विभिन्न मार्गो से होते हुए 4 घंटे के समय में 4 किलोमीटर का रास्ता तय करते हुए रात 8:00 बजे रामलीला मैदान राम जी की बारात पहुंची। राम बारात में शहर वासी बाराती बनकर उत्साह के साथ शामिल हुए नगर में जगह-जगह चारों राजकुमारों की पूजा अर्चना एवं आरती कर पुष्प वर्षा के साथ स्वागत करते हुए लोगों ने आशीर्वाद लिया।

इस दौरान नगर में जिस मार्ग से भी चारों राजकुमारों की बारात जब निकली तो उनके दर्शनों के लिए सड़कों के दोनों तरफ दर्शकों की अच्छी खासी भीड़ लगी रही लोगों ने जय जय श्री राम के जय कारों के साथ राम बारात का भव्य स्वागत किया। राम बारात चोपड़ा मोहल्ला से शुरू हुई जो पुरानी बस्ती के पुराना कोतवाली, श्री राम जानकी मंदिर, तीपट्टा बाजार, दुर्गा चौक, माता मंदिर चौराहा, सांची मार्ग होते हुए महामाया चौक, भोपाल सागर तिराहे से होकर गंज बाजार श्री हनुमान मंदिर के सामने से होते हुए रामलीला मैदान में रात 8:00 बजे पहुंची।

जहां बारात में शामिल सनातन धर्म प्रेमियों द्वारा भगवान राम, लक्ष्मण और भरत शत्रुघ्न चारों राजकुमारों की महा आरती उतारी। इस दौरान दर्शकों का उत्साह देखे नहीं बन रहा था, महा आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया। इस समय जैसे ही रामलीला मैदान में चारों राजकुमारों की बारात जब पहुंचती है तो जय जय श्री राम के जयकारों से पूरा मैदान गूंज उठता है, इस प्रकार से शहर में निकाली गई राम बारात में सनातन धर्मप्रेमीयों ने उत्साह के साथ शामिल होकर धर्म का लाभ उठाया।