सिलवानी रायसेन।सिलवानी तहसील के ग्राम नारायणपुर में धरती आबा बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती समापन वर्ष पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिरसा मुंडा आदिवासी समाज की अस्मिता और स्वाभिमान के अमर प्रतीक थे। उन्होंने जल–जंगल–जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया, जो आज भी आदिवासी समाज की प्रेरणा है। कार्यक्रम की शुरुआत बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण और उनके मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ हुई।

पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार गांवों में आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम जनमन आवास, सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और कौशल विकास जैसी योजनाओं का लाभ शत–प्रतिशत लोगों तक पहुंचा रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने बिरसा मुंडा जयंती को जनजातीय गौरव दिवस बताते हुए उलगुलान आंदोलन के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में आदिवासी बालिकाओं ने गोंडवाना संस्कृति का नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीता, जिसके लिए मंत्री चौहान ने उन्हें 10,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी।
किसानों पर बोलते हुए शिवराज ने कहा कि सरकार भावांतर योजना से किसानों को उनकी उपज का वास्तविक मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।