–मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने बंगले पर बुलाई आपात बैठक, हट सकते हैं गुना एसपी
-आईजी अनिल शर्मा भी हटाये गये
रंजीत गुप्ता
मप्र के गुना जिले के आरोन थानाक्षेत्र में पुलिस व शिकारियों के बीच हुई मुठभेड में आरोन थाने के एसआई, प्रधान आरक्षक और आरक्षक की गोली लगने से मौत हो गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने बंगले पर आपात बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि गुना एसपी को हटाया जा सकता है।

आरोन थाना क्षेत्र अंतर्गत शहरोक के जंगलों में काले हिरण का शिकार करने की सूचना पर जंगलों में दविश देने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया। बताया गया है कि पुलिस और बदमाशों का सामना हो गया था। ऐसे में शिकारियों ने पुलिस टीम पर हमला करते हुए सीधे गोलियां दाग दीं। जिसमें आरोन थाने के एसआई, प्रधान आरक्षक और एक सिपाही सहित 3 की मौत हो गई। घटना रात 2: 45 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार शिकारियों की सूचना पर सर्चिंग के लिए जंगलों में पुलिस टीम पहुंची थी। इस दौरान पुलिस और बदमाशों की सीधी भिडंत में पुलिस टीम पर बदमाशों ने गोलियां बरसा दीं। उक्त घटना में आरोन थाने के एसआई राजकुमार जाटव, प्रधान आरक्षक नीरज भार्गव, सिपाही संतराम मीणा की मौत हो गई। वहीं घायल प्रायवेट ड्राइवर लखन गिरी जो रात को गश्त के दौरान पुलिस जीप चला रहा था को गोलियां लगी हैं। जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि एक पुलिस कर्मी ने भाग कर अपनी जान बचाई है।

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए है। श्री।मिश्रा ने बताया कि इसमें एक शिकारी की मौत हुई है।आरोपियो की पहचान हो गई है।मृतक पुलिस कर्मियो को शहीद का दर्जा एवं परिजनों को एक करोड़ रुपए सांत्वना के रूप में दिए जाएंगे।ग्वालियर रेंज के आई जी अनिल कुमार शर्मा को हटा दिया गया है।उनके स्थान पर डी श्रीनिवास वर्मा को ग्वालियर का नया आईजी बनाया गया है।
