इंदौर। कौन कहता है हमारे इंदौर में या इंदौर के समीप कोई ऐसा स्थान नहीं जहां सैर-सपाटे के लिए जाया जा सके। यदि आपके पास वक्त है, घूमने का शौक है, प्राकृतिक स्थल पर जाकर आप वक्त बिताना पसंद करते हैं तो ऐसे अनेक स्थान शहर के आसपास स्थित है जहां आपके स्वागत में प्रकृति भी पलकें बिछाए इंतजार कर रही है। मांडू, महेश्वर, ओंकारेश्वर, उज्जैन तो अमूमन हर इंदौरी के देखे हुए पर्यटन स्थल हैं लेकिन कुछ स्थान ऐसे भी हैं जिनके बारे में कम ही लोग जानते हैं और इन स्थानों की दूरी भी कम ही है। ऐसा ही एक स्थान है सिमरोल फाल जो वर्षा ऋतु के साथ-साथ शीत ऋतु में भी देखा जा सकता है।
इंदौर से करीब 20 किमी दूर स्थित सिमरोल फाल की खूबसूरती यूं तो वर्षा ऋतु में चरम पर रहती है लेकिन इस मौसम में भी यहां घूमा जा सकता है। वर्षा ऋतु में यहां वेग से गिरता झरना तो आकर्षित करता ही है साथ ही मार्ग में जगह-जगह रिसकर आता पानी भी सुकून देता है। बात अगर इस मौसम की करें तो झरने की वह सुंदरता तो नजर नहीं आती जो वर्षा ऋतु में आती है लेकिन पतली जलधारा, हरियाली, शांत वातावरण और पत्थरों से टकराकर लौटती अपनी ही आवाज रोम-रोम को रोमांचित जरूर कर देती है। यह ऐसा स्थान है जहां पहुंचना सहज भी है। शहर की सीमा से करीब 20 किमी दूर इस स्थान पर पहुंचना आसान है।