Let’s travel together.

राशन घोटाला: बंगाल में TMC नेता के घर पर रेड डालने पहुंची ED की टीम पर हमला, कई जख्मी; गाड़ियों के तोड़े शीशे

0 76

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के नेता शेख शाहजहां के समर्थकों ने शुक्रवार को हमला कर दिया और उनके वाहनों में तोड़फोड़ की। अधिकारी राशन वितरण घोटाले की जांच के संबंध में शाहजहां के उत्तर 24 परगना जिला स्थित आवास पर छापा मारने पहुंचे थे। एक अधिकारी ने बताया कि ईडी के अधिकारी राज्य में 15 स्थानों पर छापेमारी कर रहे हैं और शेख का आवास उनमें से एक है।

अधिकारी ने बताया कि जब ईडी अधिकारी सुबह संदेशखली इलाके में शेख के आवास पर पहुंचे तो बड़ी संख्या में तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने ईडी अधिकारियों और उनके साथ आए केंद्रीय बलों के जवानों को घेर लिया। इसके बाद उन्होंने प्रदर्शन किया और फिर उन पर हमला कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने टीम को वहां से जाने के लिए मजबूर कर दिया। ईडी अधिकारी किसी सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के लिए अपने क्षतिग्रस्त वाहनों को वहीं छोड़कर ऑटो रिक्शा और दोपहिया वाहनों पर सवार होकर वहां से निकल गए। उन्होंने बताया कि कम से कम दो अधिकारियों को गंभीर चोट लगी है और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा।

शाहजहां को राज्य मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक का करीबी सहयोगी माना जाता है। ज्योतिप्रिय मल्लिक को करोड़ों रुपये के राशन वितरण घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। ईडी के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘इस तरह का हमला अप्रत्याशित है। हमारे अधिकारियों को खुद को बचाने के लिए इलाके से भागना पड़ा। हमारे और केंद्रीय बलों के वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए गए। केंद्रीय बलों के कर्मचारियों पर भी हमला किया गया।” उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने आवास पर पहुंचने के बाद दरवाजा खोलने के लिए कई बार आवाज लगाई। कोई जवाब न मिलने पर उन्होंने दरवाजे पर लगा ताला तोड़ने की कोशिश की और तभी शाहजहां के समर्थकों ने अधिकारियों तथा केंद्रीय बल के जवानों पर हमला कर दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब ईडी अधिकारियों ने हमले के समय उत्तर 24 परगना जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने उनसे बात नहीं की। ईडी की छापेमारी को कवर करने के लिए संदेशखली गए समाचार चैनलों के मीडियाकर्मियों पर भी हमला किया गया और उनके वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। बशीरहाट पुलिस जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘कुछ पत्रकारों को भी अस्पताल ले जाया गया।” उक्त आईपीएस अधिकारी ने कहा कि उन्हें अभी तक केंद्रीय जांच एजेंसी से कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है, लेकिन निश्चित रूप से कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

संपर्क करने पर आईपीएस अधिकारी ने बताया, ‘‘हमने इस संबंध में किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। ईडी अधिकारियों ने अभी तक हमारे पास कोई शिकायत दर्ज नहीं की है। एक बार आधिकारिक शिकायत प्राप्त होने के बाद, हम कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करेंगे।” भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल सिन्हा ने आरोप लगाया कि शाहजहां एक तस्कर है जिस पर हत्या का आरोप है, लेकिन पुलिस ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने दावा किया, ‘‘ईडी पर हमला पूर्व नियोजित था।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.

केमफेस्ट–2026 के आचार्य पी. सी. रे. जन्म शताब्दी समारोह के द्वितीय दिवस के अंतर्गत व्याख्यान एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित     |     जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की 60वीं वार्षिक आमसभा आयोजित, वित्तीय स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर हुई चर्चा     |     दादा धूनी दरबार में आस्था का अनोखा आयोजन, धूनी में अर्पित किए सोने-चांदी के आभूषण     |     डोल ग्यारस पर निकाली गई भगवान कन्हैयालाल की भव्य शोभायात्रा     |     लगातार दूसरे वर्ष भी नही बनी सड़क, शासकीय आईटीआई पहुंच मार्ग दलदल में तब्दील, छात्र हो रहे परेशान     |     विमान में बैठ जल विहार के लिए निकले लड्डू गोपाल, नगर में जगह-जगह हुआ जोरदार स्वागत      |     CA का सपना टूटा, हौसला नहीं; अब एमपीपीएससी में चयनित होकर बने असिस्टेंट प्रोफेसर राजीव कुशवाहा      |     2 अक्टूबर को होगी रिलीज़‘ फिल्म प्रेम कीटाणु’     |     स्वर्गीय श्री रामगोपाल माहेश्वरी के नाम पर मार्ग की नामपट्टिका का उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किया अनावरण     |     उमंग है तो जिंदगी में रंग है थीम पर उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 में मना उमंग दिवस     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811