– हाथी घोड़ा पालकी,जय कन्हैयालाल की के जयघोष से गूंजा क्षेत्र
– बीना नदी में हुआ विमानों का जलाभिषेक
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
डोल ग्यारस का पावन पर्व मंगलवार को नगर सहित तहसील क्षेत्र के नगरीय एवं ग्रामीण अंचलों में पारंपरिक धार्मिक उल्लास, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया।
इस अवसर पर गैरतगंज, गढ़ी एवं देहगांव सहित तहसील भर के सभी नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में हिन्दू सनातन धर्मावलंबियों के तत्वावधान में भगवान कन्हैयालाल के विमानों की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

आकर्षक ढंग से सजाए गए विमान, नगर भ्रमण के दौरान हुए दर्शन-पूजन
भगवान कन्हैयालाल को अत्यंत आकर्षक ढंग से सुसज्जित विमानों में विराजमान कर पूरे नगर का भ्रमण कराया गया। शोभायात्रा जिस भी मार्ग से गुजरी, वहां श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक भगवान के विमानों की पूजा-अर्चना कर दर्शन लाभ प्राप्त किया। इस दौरान “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैयालाल की” के गगनभेदी जयघोष से संपूर्ण नगर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
बीना नदी में हुआ विधिवत जलाभिषेक
नगर भ्रमण के पश्चात भगवान कन्हैयालाल के विमानों को बीना नदी ले जाया गया, जहां विधि-विधान के साथ विमानों का जलाभिषेक संपन्न कराया गया। इस पावन अवसर पर शोभायात्रा में शामिल समस्त श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई थी।
पूरे नगर व ग्रामीण अंचल में रहा उत्सव जैसा माहौल
डोल ग्यारस के इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली। गैरतगंज, गढ़ी, देहगांव सहित तहसील के समस्त नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विमान निकाले गए और श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना की। पूरे दिन नगर में उत्साह, श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण बना रहा, जिससे संपूर्ण क्षेत्र आस्था के रंग में रंगा नजर आया।