बारिश नहीं होने से खराब हो रही फसलों के लिए फसल बीमा और मुआवजे की मांग
अनुराग शर्मा
सीहोर। इस वर्ष बारिश नहीं होने के कारण क्षेत्र की सोयाबीन की फसल के अलावा अन्य फसल खराब हो रही है। किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें है। खरीफ का मौसम बारिश पर निर्भर करता है. लेकिन पिछले दो महीने में तीन बार मानसून में हो रहे बदलाव से किसान परेशान हैं। किसानों के संकट की इस घड़ी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल के नेतृत्व में मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर फसलों के लिए फसल बीमा और मुआवजे की मांग को लेकर दोपहर बारह बजे ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल ने बताया कि इस वर्ष बारिश नहीं होने से उमस और गर्मी के साथ किसानों की फसल चौपट हो रही है। इसको लेकर मंगलवार को इछावर क्षेत्र के कांकडख़ेड़ा स्थित मरीह माता मंदिर में सुबह ग्यारह बजे अच्छी बारिश को लेकर माता मंदिर में हवन किया जाएगा, वहीं दोपहर बारह बजे कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिन किसानों की फसल खराब हो गई है, जो किसान बारिश नहीं होने के कारण खेती नहीं कर सके है और बकाया बीमा राशि सहित अन्य मांगों को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों और किसान भाईयों से उक्त आयोजन में आने की अपील की है।