जबलपुर। प्रदेश में लाड़ली बहना योजना को लेकर एक लाख महिलाओं की भीड़ जुटाने की तैयारी हाे रही है। 20 अप्रैल को जबलपुर में यह आयोजन मुख्यमंत्री की मौजूदगी में गैरीसन ग्राउंड में होगा। शनिवार को भाजपा संभागीय कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव ने बैठक कर रणनीति बनाई। इसके लिए सभी आठ विधानसभा के लिए लक्ष्य निर्धारित हुआ है। कार्यकर्ताओं को बस, आटो के माध्यम से महिलाओं को सभा स्थल लाने की जिम्मेदारी दी गई है।
जिम्मेदार सरकार होने का दायित्व निभायाः
प्रभारी मंत्री भार्गव ने कहा प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक स्वाबलंबन और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध हमारी सरकार ने सर्वोच्च प्राथमिकता में “लाडली बहिना योजना” को शामिल कर महिलाओं के प्रति एक जिम्मेदार और संवेदनशील सरकार होने का दायित्व निभाया है। उन्होंने कहा प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री के नेतृत्व में लगातार प्रदेश की सरकार महिलाओं के उत्थान की दिशा में कार्य कर रही और महिलाओं एवं बच्चीयों के लिए केंद्र एवं प्रदेश की सरकार द्वारा अनेकों योजनाओं को लागू किया गया है जिनमें मुख्यमंत्री कन्या दान योजना, मुख्यमंत्री निकाह योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना,सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, फ्री सिलाई मशीन योजना, प्रधानमंत्री समर्थ योजना जैसी कई योजनाएं हैं जो माताओं बहनों को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाती हैं। बैठक को नगर अध्यक्ष प्रभात साहू ने संबोधित करते हुए कहा कि हमारे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला सहित हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रहे हैं और उसका ही परिणाम है कि पूरे प्रदेश में उनकी लोकप्रियता है, साथ ही जिस तरह से लाड़ली बहन योजना में महिलाओं का पंजीयन हुआ है उससे निश्चित रूप से महिलाओं को आर्थिक मदद मिलेगी। उन्होंने भाजपा जबलपुर के सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि 20 अप्रैल को होने वाले सम्मेलन में महिलाओं की भागीदारी अधिक हो इसके लिए प्रयास करे।
इनकी रही उपस्थितिः
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि, मप्र पर्यटन विकास निगम अध्यक्ष विनोद गोटिया, प्रदेश मंत्री आशीष दुबे, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, ग्रामीण जिलाध्यक्ष रानू तिवारी, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील इंदु तिवारी, नंदिनी मरावी, जिप अध्यक्ष संतोष बरकड़े, पूर्व विधायक अंचल सोनकर, हरेंद्रजीत सिंह बब्बू, पूर्व महापौर सदानंद गोडबोले, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू बिज, नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल, अश्विनी परांजपे के साथ नगर एवं ग्रामीण के पदाधिकारी उपस्थित थे।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.