Let’s travel together.

चिटफंड कंपनी के नाम पर लाखों रुपये हड़पने वाला शातिर ठग चढ़ा पुलिस के हत्थे

0 19

-सलामतपुर पुलिस ने भोपाल के गुनगा क्षेत्र से घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा

-तीन साल से सैकड़ों ग्रामीणों से लाखों रुपये का फ्रॉड कर चल रहा था फरार

-चेक बाउंस मामले में कोर्ट का जारी था स्थायी वारंट, भोपाल न्यायालय में पेश

सलामतपुर रायसेन।चिटफंड कंपनी के नाम पर क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण युवाओं और किसानों से लाखों रुपये ऐंठकर पिछले तीन वर्षों से चकमा दे रहे एक शातिर आरोपी को आखिरकार सलामतपुर पुलिस ने धर दबोचा। आरोपी वर्ष 2023 के धारा 138 (चेक बाउंस) के मामले में न्यायालय द्वारा घोषित स्थायी वारंटी था, जो पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी को सोमवार को भोपाल न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सालों से बना रहा था ग्रामीणों को शिकार-–

जानकारी के अनुसार, आरोपी विनोद अहिरवार पिता इमरत सिंह अहिरवार, निवासी ग्राम सत्ती थाना सलामतपुर, पिछले करीब तीन-चार वर्षों से क्षेत्र में सक्रिय था। उसने चिटफंड कंपनी के नाम पर आकर्षक रिटर्न देने, फिक्स डिपॉजिट (एफडी) और डेली कलेक्शन का झांसा देकर ग्रामीण इलाकों में अपना जाल बिछाया था। उसने बेरखेड़ी चौराहा, अंबाड़ी, भदभदा, बालमपुर, सेमरा, फैक्ट्री चौराहा, दीवानगंज और कुल्हड़िया सहित आसपास के दर्जनों गांवों के सीधे-साधे लोगों से गाढ़ी कमाई का पैसा वसूला।

मैच्योरिटी पूरी हुई तो ग्रामीणों ने रुपये वापस मांगे तो हुआ फरार–

जब मैच्योरिटी पूरी हुई और ग्रामीणों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी अपना ठिकाना बदलकर फरार हो गया। ठगी के शिकार मुख्य पीड़ितों में अंबाड़ी निवासी मोनू साहू (3 लाख रुपये), अशोक साहू (8 लाख रुपये), नवनीत मालवीय (6 लाख रुपये), राहुल गिरी (5 लाख रुपये), लईक खान (1.5 लाख रुपये) और संजय प्रजापति (40 हजार रुपये) शामिल हैं। इनके अलावा भी सैंकड़ों ग्रामीणों के लाखों रुपये आरोपी के पास फंसे हुए हैं। धोखाधड़ी सामने आने के बाद कोर्ट में चेक बाउंस का मामला दर्ज किया गया था, जिसमें आरोपी लगातार अनुपस्थित रहने पर उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी हुआ था।

देर रात ससुराल में दी दबिश, घेराबंदी कर पकड़ा-–

सलामतपुर थाना प्रभारी श्यामराज सिंह सोमवंशी को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि फरार स्थाई वारंटी विनोद अहिरवार भोपाल जिले के गुनगा थाना क्षेत्र स्थित अपनी ससुराल में छिपा हुआ है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की।गठित टीम में थाना प्रभारी श्यामराज सिंह सोमवंशी, एएसआई रामकिशोर उइके, आरक्षक संदीप रघुवंशी और आरक्षक राहुल रघुवंशी शामिल थे। पुलिस टीम ने देर रात गुनगा क्षेत्र स्थित आरोपी की ससुराल को चारों तरफ से घेर लिया और योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इनका कहना है

आरोपी विनोद अहिरवार पिछले 3 साल से फर्जी चिटफंड कंपनी के नाम पर सैकड़ों निर्दोष ग्रामीणों का पैसा हड़पकर फरार था। उसके खिलाफ वर्ष 2023 से भोपाल न्यायालय का स्थायी वारंट जारी था। मुखबिर से सटीक सूचना मिलने पर हमारी टीम ने भोपाल के गुनगा क्षेत्र से दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी को भोपाल न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और वित्तीय धोखाधड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

श्यामराज सिंह सोमवंशी, थाना प्रभारी, सलामतपुर।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

सड़क पर संग्राम: ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ पर अड़े ग्रामीण, SDM-तहसीलदार की समझाइश के बाद शुरू हुई वोटिंग     |     एआइ उपयोग से पर्यटकों की यात्रा सुगम- ललित गौड़      |     सितंबर में ही खिले कांस के फूल, बारिश की विदाई का दे रहे संकेत     |     श्राद्ध कार्यक्रम में मां की स्मृति में रोपा पौधा, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश     |     चिटफंड कंपनी के नाम पर लाखों रुपये हड़पने वाला शातिर ठग चढ़ा पुलिस के हत्थे     |     शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, वरिष्ठता, पदोन्नति और ई-अटेंडेंस की विसंगतियां दूर करने की मांग      |     पंचायत भवन में चोरी, वाई-फाई कैमरा और दो सोलर प्लेट ले गए चोर     |     जंगल में बाघों और गांवों में इंसानों की मौत—क्या यह एक ही संकट की दो तस्वीरें हैं?- दीपक कांकर      |     पंचायत उपनिर्वाचन अंतर्गत जिला पंचायत सदस्य वार्ड क्र-3 मेहगांव सीट पर सबसे कम तथा ग्राम पंचायत कन्हवार में सरपंच पद के लिए हुआ सबसे ज्यादा मतदान     |     मध्यप्रदेश पुलिस के 100 अधिकारियों-कर्मचारियों को डीजी प्रशस्ति पत्र एवं डिस्क     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811