भोपाल। मध्य प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को अगले माह दो हजार 900 करोड़ रुपये का फसल बीमा मिलेगा। वर्ष 2021-22 में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित खरीफ और रबी फसलें प्रभावित हुई थीं। सरकार ने सर्वे कराकर बीमा कंपनियों को दावे प्रस्तुत किए थे, जिन्हें अब अंतिम रूप दे दिया है। अब कार्यक्रम करके इस राशि को किसानों के खातों में अंतरित किया जाएगा।
प्रदेश में 44 लाख से ज्यादा किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमा कराया था। अतिवृष्टि के कारण खरीफ की फसलें बड़े पैमाने पर प्रभावित हुई थीं। सरकार ने सर्वे कराकर बीमा कंपनियों को दावे प्रस्तुत किए थे। इनका परीक्षण पूरा होने के बाद बीमा दावों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
दो हजार 900 करोड़ रुपये का बीमा किसानों को वितरित किया जाएगा। इसकी सूची इस माह के अंत तक कृषि विभाग को मिल जाएगी। इसके बाद राशि किसानों के खातों में जमा कराई जाएगी। खरीफ और रबी सीजन की राशि एक साथ दी जाएगी या अलग-अलग यह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के स्तर पर निर्धारित होना है।
इसका प्रस्ताव कृषि विभाग ने मुख्यमंत्री कार्यालय को भेज दिया है।विभागीय अधिकारियों का कहना है कि 2022-23 के फसल बीमा की प्रक्रिया भी तेजी के साथ पूरी की जा रही है ताकि सितंबर के पहले यह राशि भी किसानों के खातों में जमा करा दी जाए।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.