बिलासपुर। पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) पीयर टीम का निरीक्षण जारी है। गुरुवार यानी आज निरीक्षण का अंतिम दिन है। टीम के सभी पांचो सदस्य परीक्षा एवं गोपनीय विभाग में दस्तावेजों को खंगाल रहे हैं। माना जा रहा है कि टीम शाम चार बजे निरीक्षण कार्य पूरा कर लौट जाएगी। विश्वविद्यालय परिवार द्वारा विदाई कार्यक्रम भी आयोजित है।
पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय में स्थापना के 18 साल बाद पहली बार नैक की टीम निरीक्षण करने पहुंची है। गुरुवार सुबह से टीम सदस्यों ने परीक्षा, गोपनीय और वित्त विभाग में जाकर दस्तावेजों की जांच पड़ताल कर रहे हैं। विभाग के अधिकारियों से पूछताछ भी जारी है।
नैक टीम में मिजोरम के एक पूर्व कुलपति और हैदराबाद मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति सहित कोचिन, इंदौर और मेरठ से मैनेजमेंट, लाइब्रेरी साइंस के प्रोफेसर शामिल हैं। एक दिन पहले टीम तीन भागों में बंटकर निरीक्षण किया था। दो सदस्य अंबिकापुर व दो दुर्ग जिले के अध्ययन केंद्रों में पड़ताल करने पहुंचे थे।
वहां उन्हें आलमारी, टेबल,कम्प्यूटर के सिवा कुछ भी खास नहीं मिला। एक अन्य सदस्य तालाब, कचरा निपटान सहित लाइब्रेरी एवं अन्य विभागों में पहुंचे थे। नए भवनों का निरीक्षण करने के साथ प्रोफेसरों से भी मिले। पार्किंग से लेकर खेल मैदान सहित निर्माण हुए सभी चीजों को बारीकी से देखा।
एसएसआर से मिलान करते हुए कुछ खामियां भी मिलीं। हालांकि अभी इसे स्पष्ट नहीं किया गया है। वहीं अंबिकापुर व दुर्ग की टीम को कई खामियां मिलने की बात सामने आ रही है। टीम सोशल साइंस, साइंस, लाइफ साइंस, कामर्स, एजुकेशन, और आर्ट्स विभाग में निरीक्षण कर चुकी है।
टीम जांच के बाद एक रिपोर्ट तैयार करेगी। इसे बैंगलुरू स्थित मुख्यालय भेजेगी। एक सप्ताह के भीतर विश्वविद्यालय को नैक से नई रैकिंग मिलेगी। यह रैकिंग विश्वविद्यालय का भविष्य तय करेगा। अब देखना होगा कि टीम यहां से कितना संतुष्ट होती है। प्रबंधन ने सदस्यों को खुश करने हर संभव प्रयास में जुटा हुआ है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.