आलमपुर के राजधानी ढाबे पर चल रहा था गैस रिफिलिंग का खेल, 2 एलपीजी कंटेनर, 28 कामर्शियल सिलेंडर और पिकअप वाहन जब्त
विजी लवानिया गौहरगंज/रायसेन
जिले में अवैध एवं असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गौहरगंज पुलिस ने एलपीजी गैस कंटेनर से कामर्शियल गैस सिलेंडरों में कथित रूप से अवैध रिफिलिंग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर, दो एलपीजी कंटेनर, पिकअप वाहन और रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक 26-27 अगस्त की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि आलमपुर गांव स्थित राजधानी ढाबे पर दो एलपीजी गैस कैप्सूल ट्रक खड़े हैं और उनमें से नोजल के जरिए कामर्शियल गैस सिलेंडरों में गैस भरी जा रही है। सूचना को विश्वसनीय मानते हुए थाना प्रभारी गौहरगंज उप निरीक्षक विनोद परमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

मौके पर पुलिस ने देखा कि तीन लोग एक गैस कैप्सूल कंटेनर से नोजल की मदद से कामर्शियल गैस सिलेंडरों में गैस रिफिल कर रहे थे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। मौके की तलाशी के दौरान एचपी गैस के दो कंटेनर क्रमांक MP04HE5156 और MP04HE5174, कुल 28 कामर्शियल गैस सिलेंडर तथा एक बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक MP04GB0607 मिला।
पुलिस के अनुसार आरोपी ज्वलनशील एलपीजी गैस की लापरवाहीपूर्वक हैंडलिंग करते हुए कंटेनर से सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस भरकर आर्थिक लाभ कमाने का काम कर रहे थे। इस गतिविधि से मानव जीवन को खतरा उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने मौके से गैस कंटेनर, सिलेंडर, पिकअप वाहन के साथ नोजल, पाइप और तौल कांटा भी जब्त किया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
फिरोज पिता मुख्तार अहमद, उम्र 34 वर्ष, निवासी ठीकरी, थाना गौहरगंज
अरुण लोधी पिता लालाराम लोधी, उम्र 22 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 20, राहुल नगर, सतलापुर
रोशन लोधी पिता उधम सिंह, उम्र 38 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 20, राहुल नगर, सतलापुर
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं।
इन धाराओं में हुई कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 287 भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जब्त किए गए गैस सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से गैस गोदाम में रखवाया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रायसेन आशुतोष गुप्ता के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक एवं एसडीओपी औबेदुल्लागंज शीला सुराणा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गौहरगंज उप निरीक्षक विनोद परमार एवं उनकी टीम द्वारा की गई।
कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक रमेश इवने, प्रधान आरक्षक विनय दुबे, दुर्गेश सिंह राजपूत, नीरज धुर्वे, रामेश्वर सिंह, आरक्षक दिलीप चौरे, गौरव परमार, कुणाल गुर्जर, प्रवीण दिनकर तथा सैनिक दौलतराम, बैनीप्रसाद और सियाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जब्त सामग्री: 2 एचपी एलपीजी गैस कंटेनर, 28 कामर्शियल गैस सिलेंडर, 1 बोलेरो पिकअप वाहन, नोजल, पाइप और तौल कांटा।