सीहोर कोतवाली टीआई गिरीश दुबे,पार्वती थाना प्रभारी चिन्मय मिश्रा, सीहोर सहित सात पुलिसकर्मियों को 27 नवंबर को भोपाल में मिलेगा DGP प्रशस्ति पत्र
अनुराग शर्मा सीहोर
वाहन चालक की हत्या कर करीब 72 लाख रुपए कीमत के तांबे के तार लूटने के सनसनीखेज मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम को पुलिस महानिदेशक द्वारा सम्मानित किया जाएगा। शुक्रवार, 27 नवंबर को भोपाल में आयोजित समारोह में पार्वती थाना प्रभारी चिन्मय मिश्रा, सीहोर कोतवाली टीआई गिरीश दुबे सहित सात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
मामला इंदौर से पीलूखेड़ी के लिए भेजे गए तांबे के तारों से भरे ट्रक से जुड़ा है। करीब 70 क्विंटल वजन के इन तांबे के तारों की कीमत लगभग 72 लाख रुपए बताई गई थी। ट्रक क्रमांक MP 09 GG 8483 पगारिया राम क्षेत्र से वापस इंदौर की ओर लौट गया था। इस दौरान वाहन चालक हुकम सिंह की हत्या कर तांबे के तार चोरी कर लिए गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही पार्वती थाने की तत्कालीन थाना प्रभारी चिन्मय मिश्रा ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने इंदौर से आष्टा तक के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर वाहन की आवाजाही और आरोपियों तक पहुंचने के लिए सुराग जुटाए। जांच के दौरान वाहन चालक हुकम सिंह का शव भी बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया था।
इस पूरे प्रकरण में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने समन्वय के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी के चलते तत्कालीन पार्वती थाना प्रभारी चिन्मय मिश्रा, तत्कालीन सीहोर कोतवाली टीआई गिरीश दुबे, अशोक श्रीवास्तव, आरक्षक शैलेंद्र चंद्रवंशी, सचिन कुमार, राहुल वर्मा और नितिन वर्मा को सम्मानित करने के लिए चुना गया है।
भोपाल के स्वर्ण जयंती सभागार में 27 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक इन सभी सात पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित करेंगे।