रायसेन।नगरपालिका रायसेन द्वारा जलकर सम्पत्ति कर का बकाया टैक्स वसूली के लिए चलाए जा रहे ढोल बजाओ अभियान की अब हवा निकलती नजर आ रही है। नगर में 60 प्रतिशत आबादी द्वारा समय पर टैक्स जमा करने के बावजूद कई इलाकों में विकास कार्यों के अभाव में स्थानीय निवासियों में भारी असंतोष देखा जा रहा है। असंवैधानिक तरीके से ढोल बजाकर वसूली के तरीके से लोग नाराज है । अब उल्टे स्थानीय युवा ढोल लेकर नगर पालिका कार्यालय पहुंच गए ओर टैक्स का हिसाब मांगने लगे।

इसके अलावा नगरपालिका प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।प्रदर्शन करने वाले युवाओं ने बताया कि नगरपालिका का यह कहना कि लोग टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं, पूरी तरह तर्कहीन है। उन्होंने कहा कि लगभग 50 से 60 प्रतिशत लोग नियमित रूप से टैक्स जमा करते हैं, लेकिन उन्हें कोई बुनियादी सुविधा नहीं मिल रही है। ऐसे में 30-40 प्रतिशत लोगों के बहाने पूरे 100 प्रतिशत नागरिकों को बदनाम करना सरासर गलत है।
स्थानीय नागरिक ने आरोप लगाया कि शहर में सुविधाओं के नाम पर कुछ भी नहीं है। निर्माण कार्य घटिया स्तर के हैं। सड़कों और नालियों की स्थिति बेहद खराब है।पीने के पानी की समस्या बेहद गंभीर और चिंताजनक है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नागरिकों से पूरा जलकर (वॉटर टैक्स) वसूला जा रहा है, लेकिन बदले में दूषित पानी की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने पहले भी इस संबंध में आवाज उठाई थी कि आपूर्ति किए जाने वाले जल में गंभीर गंदगी पाई गई थी, जिसे साफ करने में नगरपालिका पूरी तरह विफल रही है। नगरपालिका प्रशासन को टैक्स न देने वालों के नाम पर नागरिकों का अपमान करने का कोई हक नहीं है। जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के बजाय इस तरह का रवैया अपनाना पूरी तरह से अनुचित है।प्रदर्शन करने वालो में प्रमुख रूप से विकास शर्मा, युवा नेता एवं दीपक ठाकुर, अध्यक्ष युवा हिंदू सेना, मौजूद थे।