सुरेंद्र जैन रायपुर
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 440.63 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक गांजे को मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर टाटा आईसर मिनी ट्रक से उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 2 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान उड़ीसा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई।
वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने पूछताछ में अपना नाम मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) बताया। दोनों प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों ने बताया कि ट्रक में मिर्ची की बोरियां लदी हैं, जिन्हें उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है।
मिर्ची की बोरियों के नीचे मिले गांजे के पैकेट
संदेह होने पर पुलिस ने वाहन में लदे सामान की गहन जांच की। ऊपर की ओर मिर्ची की बोरियां रखी थीं। जब पुलिस ने इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की तलाशी ली तो टेप से लिपटे पैकेट मिले। जांच करने पर इन पैकेटों में गांजा पाया गया।
पुलिस के अनुसार कुल 14 बोरियों में 440 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 440.63 किलोग्राम बताया गया है।
2.40 करोड़ रुपये से ज्यादा की जब्ती
पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये है। वहीं तस्करी में इस्तेमाल टाटा आईसर मिनी ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की जब्ती की है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

उड़ीसा से प्रयागराज ले जाने का दावा
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा उड़ीसा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज, उत्तर प्रदेश जाने की बात बताई है। हालांकि गांजा किस व्यक्ति से खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में किसे इसकी डिलीवरी दी जानी थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जनवरी से अब तक 1906 किलो गांजा बरामद
जशपुर पुलिस के मुताबिक जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 1906 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। इन मामलों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किए हैं।
पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
एसएसपी ने कहा- पूरे नेटवर्क की जांच जारी
जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मुताबिक लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस की सतर्कता और टीमों के बेहतर समन्वय से गांजे की बड़ी खेप पकड़ी गई। उन्होंने कहा कि पुलिस गांजे के पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से खरीदा गया तथा इसे उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।