– सेवा भारती शिवपुरी द्वारा सुपोषण भारत जागरूकता अभियान
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
सेवा भारती शिवपुरी द्वारा सुपोषण भारत जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज कमलागंज सेवा बस्ती में घर-घर जाकर पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेवा भारती द्वारा संचालित सिलाई एवं मेहंदी प्रशिक्षण केंद्र की बहनों ने सक्रिय सहभागिता की।
इस अवसर पर बहन कामिनी खटीक एवं श्रीमती लता खटीक जी के नेतृत्व में बस्ती में घर-घर जाकर लोगों को सुपोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। परिवारों को पत्र वितरित करते हुए बताया गया कि दैनिक जीवन में उपलब्ध रसोई की सामग्री एवं स्थानीय खाद्य पदार्थों का उचित एवं संतुलित उपयोग कर अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं परिवारों को संतुलित आहार, पौष्टिक भोजन, स्वच्छता तथा बच्चों एवं परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य के लिए आवश्यक पोषण के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही भोजन में विभिन्न प्रकार के पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने और उपलब्ध स्थानीय संसाधनों का सही उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
सेवा भारती के कार्यकर्ताओं ने कहा कि सुपोषण भारत अभियान का उद्देश्य केवल पोषण की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। घर-घर संपर्क के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुपोषण का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में सिलाई एवं मेहंदी प्रशिक्षण केंद्र की बहनों की सहभागिता रही तथा बस्ती के परिवारों ने भी सुपोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को रुचिपूर्वक सुना।