‘मेरा गांव, मेरा अभिमान’ की थीम पर भोपाल में हुआ सम्मान समारोह, 100 से अधिक छात्र-छात्राएं और शिक्षक हुए शामिल
भोपाल। शिक्षक दिवस 2026 के अवसर पर ग्राम गूगलवाड़ा की प्रतिभाओं और शिक्षकों के सम्मान में भोपाल में विशेष समारोह आयोजित किया गया। ‘मेरा गांव, मेरा अभिमान’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में ग्राम के सेवानिवृत्त शिक्षकों, नव चयनित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री शैलेंद्र सिंह चौहान, एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच रहे। उन्होंने कहा कि वे स्वयं ग्राम गूगलवाड़ा के छात्र रहे हैं और गांव की माटी से मिले संस्कारों ने उनके जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि समाज का दायित्व है कि विद्यार्थियों के लिए ऐसा वातावरण तैयार किया जाए, जिसमें उन्हें प्रेरणा, संबल, सहयोग और प्रोत्साहन मिलता रहे। ग्राम गूगलवाड़ा से हर वर्ष नई प्रतिभाओं का विभिन्न क्षेत्रों में चयन होना गर्व की बात है। इन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रोत्साहन की आवश्यकता है।

‘शिक्षकों का सम्मान केवल कर्तव्य नहीं, ऋण है’
श्री चौहान ने कहा कि केवल विद्यार्थियों का सम्मान और प्रोत्साहन ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन शिक्षकों का सम्मान भी जरूरी है, जिन्होंने पीढ़ियों को शिक्षित कर समाज को दिशा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि एक ऋण है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को चुकाना चाहिए।
समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षकों श्री मणिशंकर व्यास, श्री बी.एल. अहिरवार, श्री पन्नालाल उमरे, श्री मानसिंह चौहान, श्री रुखम सिंह चौहान, श्री विजय सिंह चौहान गूगलवाड़ा, श्री छत्रपाल सिंह चौहान और श्री रूपसिंह चौहान का सम्मान कर उनके योगदान को स्मरण किया गया।
श्री शैलेंद्र सिंह चौहान ने अपनी सफलता का श्रेय भी इन सेवानिवृत्त शिक्षकों को दिया। सम्मान के दौरान कई सेवानिवृत्त शिक्षक भावुक हो गए और उन्होंने इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की।

नव चयनित अधिकारियों और प्रतिभाओं का सम्मान
कार्यक्रम में ग्राम गूगलवाड़ा से शासकीय सेवाओं में चयनित प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें श्री भुवनेश चौहान—डिप्टी कलेक्टर, कुमारी स्वीटी चौहान—नायब तहसीलदार, रश्मि चौहान—नगर नियोजन अधिकारी और स्वाति चौहान—चाइल्ड प्रोटेक्शन ऑफिसर सहित राजकुमार चौहान, अरुण चौहान, रणजीत सिंह चौहान आदि शामिल रहे।
इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं विश्वास, प्रांजलि, आराध्य, लक्ष्य, मानसी, सिमरन, उज्ज्वल, शिवानी, दीपिका, पर्व, विवेक, निशा, अश्मिता, खुशी, रमा, सुहानी, माहेश्वरी, वैष्णवी, मोहिनी, अथर्व, मनीष, कनक सहित अन्य विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

100 से अधिक विद्यार्थी और दो दर्जन शिक्षक हुए शामिल
समारोह में ग्राम गूगलवाड़ा के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं तथा करीब दो दर्जन सेवानिवृत्त एवं वर्तमान शिक्षकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा और सफलता के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें अपनी जड़ों और गांव के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराना रहा।
कार्यक्रम की थीम ‘मेरा गांव, मेरा अभिमान’ रखते हुए आयोजकों ने ‘जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी’ की भावना को सामने रखा। विद्यार्थियों को भोपाल का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया।

धरोहर वेलफेयर सोसाइटी ने किया आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन धरोहर वेलफेयर सोसाइटी द्वारा किया गया। स्वागत उद्बोधन श्री ब्रजमोहन चौहान ने दिया। कार्यक्रम का संयोजन श्रीमती जयश्री चौहान ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन श्री निरंजन चौहान द्वारा किया गया। संचालन श्री अभिषेक अज्ञानी ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री पुष्कर सिंह चौहान, रमेश मेहरा, मनोज चतुर्वेदी सहित अन्य सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा।समारोह ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि गांव की मिट्टी से निकली प्रतिभाओं को सम्मान और प्रोत्साहन मिले तो वे न केवल अपने परिवार और गांव, बल्कि पूरे समाज का नाम रोशन कर सकती हैं।