सिलवानी रायसेन। हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में यादव समाज द्वारा शनिवार को भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। घरों और मंदिरों में पालना सजाकर बाल रूप श्रीकृष्ण को झूला झुलाया गया। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और लड्डू गोपाल के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।

भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा काठिया मंदिर से प्रारंभ हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुराना बस स्टैंड, गांधी चबूतरा, बजरंग चौराहा, बुधवारा बाजार, होली चौक, राम मंदिर होते हुए जमुनियापुरा पहुंची। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं। बाहर से आए कलाकारों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं, वहीं भजन मंडलियों और डीजे की धुन पर युवा श्रद्धालु कृष्ण भजनों पर झूमते नजर आए।

शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए भजन गाते चले। नगर में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के साथ श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। भक्तों ने भगवान को माखन-मिश्री का भोग अर्पित कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
चल समारोह में कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं सिलवानी विधायक देवेंद्र पटेल तथा पूर्व मंत्री रामपाल सिंह भी शामिल हुए। दोनों जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।