सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज रायसेन
रायसेन जिले के सुल्तानगंज में भारी बारिश के बीच भगवान योगेश्वर श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई। यादव समाज के साथ सर्व समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर आयोजन को भव्य रूप दिया। पूरे नगर में दिनभर कृष्ण भक्ति और जयकारों की गूंज सुनाई देती रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी, डीजे, अखाड़े और डमरू पार्टी आकर्षण का केंद्र रहे। बारिश के बीच भी श्रद्धालु कृष्ण भक्ति में सराबोर होकर जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए।
शोभायात्रा के बाद बस स्टैंड परिसर में धर्मसभा का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक देवेंद्र पटेल, गौरी यादव, नत्थूसिंह ठाकुर और जयदीप सिंह पटेल सहित अन्य अतिथियों का फूल-माला और गमछा पहनाकर स्वागत किया गया। वक्ताओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों और कर्मयोग के संदेश पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

आयोजन के दौरान यादव समाज के प्रतिभाशाली बच्चों और पत्रकारों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने कार्यक्रम में रोमांच भर दिया। युवाओं की टीमों ने मटकी फोड़ने के लिए उत्साहपूर्वक भाग लिया और दर्शकों ने तालियों एवं जयकारों से उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान तहसीलदार राजीव उइके और थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रहे। अंत में डॉ. शैलेन्द्र सिंह यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।