शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
शिक्षक दिवस के दिन बेगमगंज में एक कंप्यूटर शिक्षिका के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट की घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, सेंटर पर शिक्षिका को अकेला पाकर एक युवक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इसी दौरान सेंटर पर पढ़ने पहुंचा एक छात्र मौके पर पहुंच गया और शिक्षिका को बचाया। आरोप है कि युवक ने छात्र और शिक्षिका के साथ मारपीट भी की और वहां से भाग गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपी को घटना के करीब आधे घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
सेंटर खोलने पहुंची थीं शिक्षिका
एसडीओपी सोनाली गुप्ता के अनुसार, दीनदयाल कॉलोनी स्थित पटवा भवन में अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय से संबद्ध कंप्यूटर सेंटर संचालित होता है। यहां पिछले करीब तीन वर्षों से 23 वर्षीय युवती कंप्यूटर शिक्षिका के रूप में कार्य कर रही हैं। सेंटर की चाबी उनके पास रहती है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 9 बजे शिक्षिका सेंटर खोलने पहुंचीं। इसी दौरान 27 वर्षीय आकाश कुशवाहा भी कथित तौर पर उनके पीछे सेंटर परिसर में दाखिल हो गया और उनके साथ छेड़छाड़ करने लगा। शिक्षिका ने मदद के लिए शोर मचाया।

छात्र ने पहुंचकर किया विरोध
चीख-पुकार सुनकर सेंटर पर कंप्यूटर कोर्स करने वाला छात्र राज ठाकुर मौके पर पहुंचा। पुलिस के अनुसार, छात्र ने आरोपी का विरोध किया और शिक्षिका को उसके चंगुल से छुड़ाया। इसी दौरान आरोपी ने शिक्षिका और छात्र के साथ मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सेंटर संचालक अनिल यादव और रघुराज सिंह ठाकुर सहित शिक्षिका के परिजन भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने आधे घंटे में आरोपी को पकड़ा
पुलिस ने मामले में आरोपी आकाश कुशवाहा के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट से संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, करीब आधे घंटे के भीतर आरोपी को नगर में एक मकान से बाहर निकलने के प्रयास के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी पर पहले से कई मामले दर्ज होने का दावा
थाना प्रभारी राजीव उइके ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, पिछले वर्ष एक युवती के अपहरण के मामले में भी आरोपी गिरफ्तार हुआ था और उस प्रकरण में गंभीर धाराएं लगाई गई थीं। पुलिस का कहना है कि आरोपी हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। उसके विरुद्ध पूर्व में करीब पांच आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के साथ मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।