सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा गुरूवार को गैरतगंज विकासखण्ड की ग्राम पंचायत गढ़ी में शासकीय स्कूल और आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया गया। उन्होंने शासकीय स्कूल के निरीक्षण के दौरान प्राचार्य तथा शिक्षकों से कक्षावार विद्यार्थियों की संख्या तथा नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक प्रगति, गत वर्ष का परीक्षा परिणाम सहित अन्य शैक्षणिक जानकारी लेते हुए शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम की प्राप्ति के लक्ष्य के साथ मेहनत करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने विभिन्न कक्षाओं का भ्रमण कर विद्यार्थियों से अध्यापन कार्य, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं, शैक्षणिक गतिविधियों, मध्यान्ह भोजन, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति आदि के बारे में संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ्यपुस्तक से पाठ भी पढ़वाया। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, नियमित विद्यालय आने तथा अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इसके उपरांत कलेक्टर श्री विश्वकर्मा द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण कर बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा आंगनवाड़ी में संचालित गतिविधियों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से आंगनवाड़ी केन्द्र की व्यवस्थाओं, बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार तथा अन्य गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। साथ ही बच्चों से भी संवाद कर उनकी रुचियों, दैनिक गतिविधियों, पोषण आहार आदि के बारे में जानकारी ली।