– शिवपुरी में झमाझम बारिश का दौर जारी, 600 मिमी से अधिक बारिश, किसानों के खिले चेहरे
– औसत 816 मिमी के मुकाबले 600 मिमी पार, जिले में अभी भी जारी है बारिश का सिलसिला
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
जिले में गुरुवार को सुबह से झमाझम बारिश का दौर जारी है। रुक-रुक कर हो रही बारिश से मौसम सुहाना बना हुआ है और लोगों को उमस से राहत मिली है। जिले में अब तक 600 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है।
अगस्त महीने में हुई अच्छी बारिश के बाद किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। कृषि विभाग के अनुसार इस बारिश से जिले में बोई गई सोयाबीन, मक्का और उड़द की फसलों को सीधा फायदा मिलेगा। फसलें इस समय वृद्धि की अवस्था में हैं और पानी की आवश्यकता थी, जो इस बारिश से पूरी हो गई है।
वैसे जिले में औसत बारिश का आंकड़ा 816 मिलीमीटर है। बीते जून और जुलाई महीने में कम बारिश होने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें थीं। खेतों में नमी की कमी और फसलों के सूखने का खतरा बना हुआ था। लेकिन अगस्त में हुई जोरदार बारिश के बाद अब हालात में सुधार हुआ है। जिले में 600 मिमी से अधिक बारिश हो जाने से बांध-तालाबों में भी पानी की आवक बढ़ी है और भूजल स्तर में सुधार की उम्मीद है।
किसानों का कहना है कि यदि आगामी सितंबर माह में इसी तरह एक-दो बारिश और अच्छी हो जाती है तो इस साल फसल का उत्पादन अच्छा रहने की संभावना है। वहीं जिला प्रशासन भी लगातार मौसम पर नजर बनाए हुए है और निचले इलाकों में जलभराव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।