सुरेंद्र जैन धरसीवां रायपुर
बिरगांव निगम एमआईसी सदस्य इकराम अहमद ने बताया की मुस्लिम समाज द्वारा पैगंबर हजरत मोहम्मद ﷺ के 1501वें जश्ने ईदमिलादुन्नबी के अवसर पर प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान इत्तेहाद कमेटी की ओर से गली-मोहल्लों को आकर्षक ढंग से सजाने वाले बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कमेटी के सदस्यों की मौजूदगी में सदर आलमगीर जौहरी के हाथों सभी चयनित बच्चों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात जौहरे आजम चौक में झंडा फहराया गया, जहां बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

झंडा फहराने के बाद हजारों लोगों की मौजूदगी में जश्ने ईदमिलादुन्नबी का जुलूस निकाला गया। जुलूस जौहरे आजम चौक से रवाना होकर व्यास तालाब चौक, बुधवारी, नगर निगम कार्यालय और बॉम्बे बेकरी होते हुए गौसुल आजम जामा मस्जिद पहुंचा। पूरे मार्ग में नात, नारों और दरूद-ओ-सलाम की सदाओं से माहौल गूंजता रहा।
जलूस के दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन से पूर्व देश में अमन-शांति, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ की गई।जश्ने ईदमिलादुन्नबी का यह आयोजन बिरगांव में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, सद्भाव और भाईचारे की मिसाल बनकर सामने आया।