शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
रायसेन जिले के बेगमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कस्बा चौका में जर्दे का गुटखा नहीं देने की बात को लेकर एक किसान पर हसिए से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार किसान शारिक मंसूरी खेत से चारा काटने के बाद नमाज पढ़ने के लिए गांव लौट रहा था। इसी दौरान गांव के ही सुनील महाराज ने उससे जर्दे का गुटखा मांगा। किसान ने गुटखा नहीं खाने और अपने पास नहीं होने की बात कही।
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सुनील महाराज ने किसान के हाथ से हसिया छीन लिया और उसके सिर व हाथ पर वार कर दिए। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन घायल किसान को तत्काल बेगमगंज के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए भोपाल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।