सी के पारे रायसेन
किसानों की सुविधा और समय की बचत को ध्यान में रखते हुए कृषि विभाग ने उर्वरक बुकिंग की प्रक्रिया को और आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा व्हाट्सएप के जरिए उर्वरक बुकिंग की सुविधा शुरू की गई है।
अब किसानों को खाद की बुकिंग के लिए अनावश्यक भागदौड़ करने की जरूरत नहीं होगी। किसान अपने मोबाइल फोन से आधिकारिक व्हाट्सएप बिजनेस (WABA) नंबर पर केवल हेल्प या फर्टिलाइजर लिखकर सेवा शुरू कर सकते हैं।
कैसे होगी खाद की बुकिंग?
व्हाट्सएप पर हेल्प या फर्टिलाइजर लिखने के बाद चैट के माध्यम से आगे की प्रक्रिया बताई जाएगी। किसान अपना पंजीकृत आधार नंबर दर्ज कर आवश्यक जानकारी पूरी कर सकेंगे। इसके बाद उपलब्ध प्रक्रिया के अनुसार उर्वरक की बुकिंग आसानी से की जा सकेगी।
इस डिजिटल सुविधा का उद्देश्य किसानों को सरल, सुविधाजनक और पारदर्शी तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराने के साथ-साथ बुकिंग प्रक्रिया में होने वाली परेशानी को कम करना है।
कृषि विभाग की यह पहल खास तौर पर उन किसानों के लिए राहत देने वाली मानी जा रही है, जिन्हें खाद की बुकिंग के लिए बार-बार केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। व्हाट्सएप आधारित व्यवस्था से किसान अपने मोबाइल के माध्यम से ही प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।किसानों के लिए संदेश साफ है—अब खाद की बुकिंग होगी आसान, मोबाइल से होगा काम तमाम।