– शिवपुरी के 4 गांवों में 2 घंटे तेज बारिश, सैलाब के साथ बहा पानी
– सीजन में पहला सैलाब देख पहुंचे सैलानी
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही अच्छी बारिश का असर अब दिखने लगा है। शिवपुरी तहसील क्षेत्र के चार गांवों में हुई तेज बारिश के बाद सीजन में पहली बार पवा झरना पूरे सैलाब के साथ बह निकला।
भू-अभिलेख के अनुसार शिवपुरी तहसील के बेधारी, सालौदा, ख्यावदा और तिमानी गांव में सुबह 8 बजे से 10 बजे के बीच करीब 2 घंटे तक तेज बारिश हुई। चारों गांवों से आया पानी तेज गति से बहकर पवा झरने तक पहुंचा। इससे झरने पर अचानक पानी का सैलाब आ गया।
पवा झरना शिवपुरी जिला मुख्यालय से लगभग 30 किमी दूर कोलारस और पोहरी तहसील के बीच स्थित है। यह करीब 100 फीट की ऊंचाई से गिरता है। यह झरना तभी बहता है जब शिवपुरी तहसील के पश्चिमी क्षेत्र के गांवों में अच्छी बारिश होती है।
सीजन में पहली बार झरना बहने की खबर मिलते ही आसपास के क्षेत्र से सैलानी पवा झरने पर पहुंच गए। लोगों ने झरने का नजारा देखकर फोटो और वीडियो बनाए। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखा गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अच्छी बारिश होने से खेतों को भी फायदा मिला है। किसानों का कहना है कि लगातार बारिश से खरीफ की फसलें बेहतर होंगी। प्रशासन ने झरने पर पहुंचने वाले सैलानियों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और झरने के पास फिसलन वाली जगहों पर न जाएं।