ओवर ब्रिज का काम धीमी गति से, जनता परेशान, डायवर्ट मार्ग पर गड्ढे और जलभराव, वार्ड पार्षद ने उठाए सवाल
– कमला हेरिटेज के सामने सड़क सुधारने की मांग
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
पोहरी रोड पर बन रहे ओवर ब्रिज और रेलवे पुल के निर्माण कार्य की धीमी गति से आम जनता को भारी परेशानी हो रही है। काम अधूरा होने के कारण शिवपुरी-पोहरी मार्ग का यातायात रेलवे स्टेशन रोड कमला हेरिटेज के सामने से डायवर्ट किया गया है, लेकिन इस वैकल्पिक मार्ग की हालत भी खराब है।
वार्ड 7 के पार्षद अरविंद ठाकुर ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि नगर पालिका और पीडब्ल्यूडी सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसके चलते आम लोगों को रोज दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कमला हेरिटेज होटल के सामने वाली सड़क पर जगह-जगह पानी भर गया है और बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के दिनों में यहां से गुजरना वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गया है। दोपहिया चालक कई बार फिसलकर गिर चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्किट हाउस से आगे कमला हेरिटेज से रेलवे स्टेशन को जाने वाली सड़क पर नाले पर अतिक्रमण होने के कारण बारिश का पानी जमा हो जाता है। निकासी नहीं होने से पूरा मार्ग जलमग्न हो जाता है। इससे रोजाना सैकड़ों वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
नागरिकों ने बताया कि ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य लगभग 3 साल से चल रहा है, लेकिन प्रगति बहुत धीमी है। रेलवे पुल का काम भी अभी पूरा नहीं हुआ है। अनुमान है कि इसे बनने में अभी 1 से 2 साल और लग सकते हैं।
लोगों की मांग है कि जब तक ओवर ब्रिज और रेलवे पुल का काम पूरा नहीं होता, तब तक डायवर्ट किए गए मार्ग को दुरुस्त किया जाए। सर्किट हाउस से कमला हेरिटेज होते हुए रेलवे स्टेशन और पोहरी रोड की ओर जाने वाले रास्ते के गड्ढे भरे जाएं, जल निकासी की व्यवस्था की जाए और अतिक्रमण हटाया जाए ताकि यातायात सुचारू हो सके।