सीके पारे रायसेन
सावन के पावन अवसर पर रायसेन शहर में बच्चों द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ कावड़ यात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों की गूंज और भगवान भोलेनाथ के जयकारों के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे शहर में भक्तिमय माहौल बना दिया।
कावड़ यात्रा शहर के यशवंत नगर पार्क स्थित शिव मंदिर से प्रारंभ हुई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए पूरन तालाब वाले मंदिर पहुंची। इसके बाद कावड़िए गौरी शंकर धाम मंदिर पहुंचे, जहां यात्रा का विधिवत समापन हुआ।
यात्रा में बच्चों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कावड़ लेकर भाग लिया। रास्ते भर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। श्रद्धालुओं में भी यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
कावड़ यात्रा के दौरान बच्चों की भक्ति और अनुशासन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। कई स्थानों पर लोगों ने कावड़ियों का स्वागत किया और भगवान शिव के जयकारे लगाए। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने सावन के महीने में भगवान भोलेनाथ की आराधना करते हुए सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
गौरी शंकर धाम मंदिर पहुंचने के बाद कावड़ियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इसी के साथ श्रद्धा और भक्ति से निकाली गई कावड़ यात्रा का समापन हुआ।