भोपाल/रायसेन। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार, 3 अक्टूबर को भोपाल और सांची के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर करीब 12:30 बजे भोपाल पहुंचेंगे। यहां वे सेज यूनिवर्सिटी में आयोजित शिक्षा एवं छात्रवृत्ति कार्यक्रम में शामिल होंगे।
केंद्रीय मंत्री दोपहर करीब 1:30 बजे आयोजित ‘नवगति’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति वितरित करेंगे। इस दौरान वे विद्यार्थियों और कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगे।
इसके बाद शिवराज सिंह चौहान दोपहर करीब 3:30 बजे सांची पहुंचेंगे, जहां वे Research Society for the Study of Diabetes in India (RSSDI) के 11वें मध्यप्रदेश राज्य सम्मेलन में शामिल होंगे। RSSDI के अनुसार यह सम्मेलन 3 और 4 अक्टूबर को सांची में आयोजित किया जा रहा है।
सम्मेलन में मधुमेह के उपचार, आधुनिक तकनीकों, दवाओं और बीमारी से जुड़े नए शोध पर विशेषज्ञों के बीच चर्चा होगी। कार्यक्रम में देशभर के चिकित्सक, शोधकर्ता और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ मधुमेह प्रबंधन में हो रही प्रगति और नई उपचार पद्धतियों पर अपने विचार साझा करेंगे।
शिवराज सिंह चौहान के सांची दौरे के दौरान मधुमेह के क्षेत्र में हो रहे नए शोध और उपचार की आधुनिक तकनीकों को लेकर विशेषज्ञों के साथ संवाद भी प्रस्तावित है। सम्मेलन का उद्देश्य मधुमेह की बेहतर रोकथाम, उपचार और प्रबंधन के लिए चिकित्सा क्षेत्र में ज्ञान और अनुभव साझा करना है।।