रायसेन। जिले के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एलएन मेडिकल कॉलेज के तत्वावधान में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में रमंशिया, सैंडोरा, वीदपुरा, बरबटपुर और सदालतपुर सहित आसपास के कई गाँवों से करीब 500 से 600 मरीजों ने पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य जांच कराई।

शिविर में पाए गए प्रमुख लक्षण और बीमारियां
स्वास्थ्य जांच के दौरान बच्चों में कुपोषण (कम वजन), स्किन इन्फेक्शन, पेट के कीड़े और वायरल फीवर जैसी समस्याएं मुख्य रूप से देखने को मिलीं। इसके अलावा व्यस्कों व बुजुर्गों में हड्डियों तथा हृदय (हार्ट) से जुड़ी बीमारियों के लक्षण भी पाए गए। कुछ मरीजों को गंभीर स्थिति देखते हुए एंजियोग्राफी और आगे के उपचार की सलाह दी गई है।

जेके अस्पताल में मिलेगा पूरी तरह मुफ्त इलाज
शिविर के दौरान डॉ. जी. सी. गौतम ने स्पष्ट किया कि शिविर में परामर्श और दवाइयां पूरी तरह निःशुल्क दी गई हैं। इसके साथ ही जिन मरीजों को आगे के बड़े इलाज या जांचों के लिए ‘जेके अस्पताल’ रेफर किया गया है, वहां भी उनका उपचार बिल्कुल मुफ्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अक्सर शिविरों के बाद अस्पतालों में जाने पर शुल्क लिया जाता है, लेकिन जेके अस्पताल में मरीजों से जांच, दवाइयों या परामर्श पूर्णतः निशुल्क रखा गया।