ग्रामीणों ने दी शुभकामनाएं
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाली प्राथमिक एकीकृत कन्या शाला, दीवानगंज में लंबे समय तक सेवाएं देने वाली दो आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान में भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक एक की कार्यकर्ता कुसुमलता चतुर्वेदी (दीवानगंज) एवं जमुनिया केंद्र क्रमांक 1 की सविता शर्मा (ग्राम जमुनिया) को सेवानिवृत्ति पर सम्मानित करते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की गई।
कार्यक्रम में कन्या शाला के शिक्षकों, दीवानगंज सेक्टर की 32 केंद्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका , दीवानगंज ग्राम पंचायत के सरपंच गिरजेश नायक, सचिव रामप्रसाद मालवीय , आंगनवाड़ी सुपरवाइजर नीता अहिरवार तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने दोनों सेवानिवृत्त कार्यकर्ताओं का पुष्पमाला, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि दोनों कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक बच्चों के पोषण, शिक्षा, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विदाई समारोह के दौरान वक्ताओं ने उनके समर्पण, ईमानदारी और सेवाभाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। समारोह का माहौल भावुक हो गया, जब दोनों कार्यकर्ताओं ने अपने सेवा काल के अनुभव साझा किए और सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। दीवानगंज सेक्टर की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा ढोल नगाड़ों पर नृत्य कर खुशी जाहिर की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने दोनों सेवानिवृत्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।