सुनील सोन्हिया की रिपोर्ट
भोपाल। किशोर कुमार फैंस क्लब (KKFC) म्यूजिक इंडिया द्वारा आयोजित संगीतमय कार्यक्रम “छूकर मेरे मन को… द ग्रेट सिंगर किशोर कुमार” में शहर के प्रतिभाशाली गायकों ने सदाबहार गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम में किशोर कुमार सहित हिंदी फिल्म संगीत के स्वर्णिम दौर के गीतों की मधुर स्वर लहरियां देर रात तक गूंजती रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ देशभक्ति के रंग से हुआ, जिसमें अजय मिश्रा ने “देखो वीर जवानों…” गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। इसके बाद आर.के. बरेले ने “एक दिन बिक जाएगा माटी के मोल” गीत को भावपूर्ण अंदाज में प्रस्तुत किया।

डॉ. कुमार राजेश ने “छूकर मेरे मन को”, “नीले-नीले अंबर पर” तथा “ये क्या हुआ” गीतों की आकर्षक प्रस्तुति देकर श्रोताओं का मन मोह लिया। मिहिका ने “मुस्कान झूठी है” गीत को बेहद प्रभावशाली अंदाज में गाया।
अमीषा मालवीय ने “रुक जा रात ठहर जा” गीत से समां बांध दिया, वहीं राजेंद्र मालवीय ने “देखा न हाय रे” गीत प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की। नरेश कुमार ने “अकेला चला मैं” गीत को अपनी सशक्त आवाज में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में राधिका मिश्रा ने “दिल चीज क्या है” और “सुन रहा है न तू” जैसे लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर श्रोताओं की खूब वाहवाही लूटी। डॉ. संजय पोफली ने “जिंदगी कैसी है पहेली हाय” गीत को भावपूर्ण अंदाज में प्रस्तुत किया।

अजय श्रीवास्तव ने “आने वाला पल” गीत से सभी को भावुक कर दिया, जबकि डॉ. टी.एन. दुबे ने “जिंदगी का सफर है ये कैसा सफर” गीत गाकर जीवन दर्शन को सुरों में पिरोया। कार्यक्रम के समापन की ओर उत्सव पारे ने “सितारों की महफिल में गूंजेगा समां” गीत प्रस्तुत कर पूरे सभागार को सुरों से सराबोर कर दिया।
संगीत प्रेमियों की उपस्थिति और कलाकारों की बेहतरीन प्रस्तुतियों ने इस संगीतमय संध्या को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी कलाकारों का सम्मान किया गया तथा आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे संगीत आयोजनों के माध्यम से महान गायक किशोर कुमार की अमर संगीत विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।