हाईवे-18 पर मौत के गड्ढे, बालमपुर घाटी से त्रिमूर्ति चौराहा तक 150 से ज्यादा गहरे गड्ढे, टोल वसूली जारी, हादसे बदस्तूर जारी
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल–विदिशा हाईवे-18 पर बालमपुर घाटी से लेकर त्रिमूर्ति चौराहा तक सड़क की बदहाल स्थिति राहगीरों के लिए जानलेवा बनती जा रही है। करीब 150 से अधिक गहरे गड्ढे होने से प्रतिदिन दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है, जो इन गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ महीने पहले ही हाईवे पर टोल टैक्स की दरों में बढ़ोतरी की गई थी। इसके बावजूद सड़क का रखरखाव करने वाली एमपी आरडीसी द्वारा गड्ढों की मरम्मत नहीं कराई गई है। कमर्शियल वाहनों से नियमित टोल टैक्स वसूला जा रहा है, लेकिन सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है।
दीवानगंज की पुरानी पुलिस चौकी के सामने बने गहरे गड्ढे सबसे ज्यादा खतरनाक साबित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक यहां एक दर्जन से अधिक बाइक चालक गिरकर घायल हो चुके हैं। इसके अलावा नई दीवानगंज पुलिस चौकी के पास, दाल मिल चौराहा, फैक्ट्री चौराहा, कुलहड़िया मोड़, बेरखेड़ी चौराहा और त्रिमूर्ति चौराहा सहित कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है।

राहगीरों का कहना है कि रात के समय इन गड्ढों से गुजरना और भी जोखिम भरा हो जाता है। भारी वाहनों के अचानक ब्रेक लगाने और गड्ढों से बचने के प्रयास में दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी जिम्मेदार विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
ग्रामीणों ने प्रशासन और एमपी आरडीसी से मांग की है कि सभी खतरनाक गड्ढों को तत्काल भरा जाए तथा सड़क की मरम्मत कराई जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बड़े और गंभीर हादसे हो सकते हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
इनका कहना हे
दीवानगंज नई पुरानी चौकी के सामने 5 से 6 गड्ढे इतने गहरे हैं की मोटरसाइकिल और फोर व्हीलर का पूरा पहिया धस जाता है। गड्ढे 15 दिन से ज्यादा हो गए। संबंधित विभाग ने अभी तक गड्ढे भरवाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। इन गाडो के कारण हादसों का खतरा और ज्यादा बढ़ गया है।
हरिओम साहू मीडिया प्रभारी किसान मोर्चा
बालमपुर घाटी से लेकर त्रिमूर्ति चौराहे तक सबसे अधिक गद्दे उभरा है इन गड्ढों को बचाने के चक्कर में वाहन चालक एक दूसरे से भिड़ जाते हैं इसलिए संबंधित विभाग को गड्ढे को शीघ्र से शीघ्र भरवाना चाहिए। ताकि हादसे ना हो सके।
ओम प्रकाश लोधी मीडिया प्रभारी भाजपा सांची मंडल