आगरा में 10 तेंदुओं की खाल के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार, पकड़े गए तस्कर बोले शिवपुरी के जंगल में किया शिकार
– शिवपुरी और मुरैना के जंगलों से जुड़ा बताया जा रहा नेटवर्क
– शिवपुरी के वन विभाग ने कहा अभी क्षेत्र की पुष्टि नहीं
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
उत्तर प्रदेश के आगरा में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में वन्यजीव तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। एक होटल से 10 तेंदुओं की खाल और उनके सिर बरामद किए गए हैं।
इस मामले में चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में सतपाल नाथ और भगत सिंह हरियाणा निवासी, गब्बर मुरैना निवासी और भोगीराम आदिवासी शिवपुरी निवासी शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शिवपुरी के जंगलों और माधव नेशनल पार्क क्षेत्र से बेहद कम दामों पर तेंदुए की खाल खरीदते थे और उसे ऊंचे दामों में बेचते थे। इसी कड़ी में आगरा के होटल में सौदा करते समय टीम ने छापा मारकर खाल और सिर जब्त किए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अब वन विभाग, वाइल्डलाइफ एसओएस, WCCB और MPSTPF की संयुक्त टीमें गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की तलाश में जुटी हैं। आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह के तार किन-किन राज्यों से जुड़े हैं।
इस पूरे घटनाक्रम पर माधव टाइगर रिजर्व के सीसीएफ उत्तम शर्मा ने कहा कि उन्हें माधव टाइगर रिजर्व या शिवपुरी के जंगलों में तेंदुओं के शिकार की कोई जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि बरामद खालें किस क्षेत्र से लाई गई थीं। वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से 10 तेंदुओं की खाल बरामद होना गंभीर मामला माना जा रहा है।