– गुरु की महत्ता और एआई के दौर में नैतिक मूल्यों पर हुई चर्चा
– सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो एलडी गुप्ता और डॉ उर्वशी मारवाहा रहीं मुख्य अतिथि
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शासकीय श्रीमंत माधव राव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय शिवपुरी में गुरुपूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो पवन कुमार श्रीवास्तव ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुआ। मंच पर महाविद्यालय के सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो एलडी गुप्ता और मेडिकल कॉलेज शिवपुरी की डिप्टी रजिस्ट्रार नोडल एग्जामिनेशन डॉ उर्वशी मारवाहा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
स्वागत भाषण में प्रो राकेश शाक्य ने गुरु की महत्ता पर प्रकाश डाला। प्रो एलडी गुप्ता ने अपने संबोधन में वर्तमान समय में घटते नैतिक मूल्यों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज ग्लोबल दुनिया की जानकारी तो सभी के पास है, लेकिन आसपास के हालातों से लोग अनभिज्ञ रहते हैं।
डॉ उर्वशी मारवाहा ने बच्चों के जीवन में माता-पिता और गुरु के साथ अब एआई के जुड़ने से पैदा हुई चुनौतियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जीवित लोगों का स्थान एआई नहीं ले सकता। एआई का जीवन में कितना दखल हो, इसके लिए सभी को सजग प्रयास करने की जरूरत है।
कार्यक्रम के अंत में प्रो गुलाब और प्रो दिग्विजय सिंह सिकरवार ने प्रो एलडी गुप्ता को शाल और श्रीफल देकर सम्मानित किया। डॉ उर्वशी मारवाहा का सम्मान प्रो अनुराधा सिंह, प्रो रश्मि राजपूत और प्रो मुस्कान जैन ने शाल और श्रीफल भेंट कर किया।
कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य प्रो जीपी शर्मा, प्रो गुलाब सिंह, प्रो राकेश शाक्य सहित महाविद्यालय के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। संचालन प्रो पल्लवी शर्मा गोयल ने किया। आभार प्रदर्शन डॉ जीपी शर्मा ने किया।