– गैरतगंज में सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज नगर में शासकीय सांदीपनि विद्यालय के नवीन भवन के लोकार्पण समारोह में मध्यप्रदेश शासन के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य पालन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं रायसेन जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पवार ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय केवल भवन नहीं, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं का भविष्य संवारने वाला केंद्र है। यहां से निकलने वाले विद्यार्थी प्रशासनिक सेवाओं, चिकित्सा, इंजीनियरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण अंचल के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को महानगरों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, खेल सुविधाएं और श्रेष्ठ शिक्षकों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराना इसका उद्देश्य है।
आयोजन में क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सांदीपनि विद्यालय का नवीन भवन ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधन और बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और अनुशासन के साथ अध्ययन कर अपने माता-पिता, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

इससे पूर्व मंत्री, विधायक सहित अतिथियों ने नवीन विद्यालय भवन का लोकार्पण कर परिसर का अवलोकन किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि यह संस्थान क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला सिद्ध होगा।
इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी डीडी रजक, ब्लाक शिक्षा अधिकारी आशीषसिंह चौहान, सांदीपनि विद्यालय प्राचार्य सुनील रजक आदि ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया। आयोजन में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष जिनेश सिंघई, जनपद पंचायत अध्यक्ष विजय पटेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय जैन, कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा, एसपी आशुतोष गुप्ता जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकीमन सहित जनपद सदस्य गण, सरपंच गण, पार्षद गण , सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।