साहस, सूझबूझ और समन्वय की मिसाल: जियो टावर पर चढ़े युवक का पुलिस-ग्रामीणों ने किया सफल रेस्क्यू
जियो टावर रेस्क्यू के हीरोज़ का प्रशस्ति-पत्र देकर किया सम्मानित, पुलिस अधीक्षक ने बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की
शमशाबाद विदिशा।थाना शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम सांगुल स्थित जियो टावर पर नशे की अवस्था में चढ़े एक युवक को लगभग पाँच घंटे तक चले चुनौतीपूर्ण एवं जोखिमपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शमशाबाद पुलिस एवं ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से सकुशल नीचे उतार लिया गया। पुलिस की तत्परता, सूझबूझ, धैर्य एवं ग्रामीणों के साहसिक सहयोग से एक संभावित अप्रिय घटना को टालते हुए युवक का जीवन सुरक्षित बचाया गया।
दिनांक म लगभग 6 बजे थाना शमशाबाद को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सांगुल निवासी शक्ति सिंह राजपूत नशे की अवस्था में जियो टावर पर चढ़ गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस द्वारा पीए सिस्टम के माध्यम से युवक को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए लगातार समझाइश दी गई, किन्तु उसने कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दी। परिजनों ने बताया कि वह पूर्व में भी नशे की अवस्था में आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास कर चुका है।
सुनियोजित रेस्क्यू अभियान और ग्रामीणों का साहस
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह के नेतृत्व में सुनियोजित रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया गया। अभियान के दौरान ग्राम के साहसी नागरिक सोनू मेहर, चैन सिंह ठाकुर, अभिषेक जाट एवं चंद्रमोहन शर्मा सुरक्षा उपकरणों के साथ स्वेच्छा से जियो टावर पर चढ़े तथा पुलिस के सतत निर्देशन एवं समन्वय में लगभग पाँच घंटे तक चले कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन को सफल बनाया। इन चारों नागरिकों का योगदान अभियान की सफलता में अत्यंत महत्वपूर्ण एवं अनुकरणीय रहा।

जोखिमपूर्ण ऑपरेशन का सफल समापन
रेस्क्यू के दौरान युवक को रस्सियों एवं एम्बुलेंस से उपलब्ध कराए गए स्ट्रेचर की सहायता से सुरक्षित बांधकर अत्यंत सावधानीपूर्वक नीचे उतारा गया। इस पूरे अभियान में पुलिस एवं ग्रामीणों ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना साहस, संयम एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।
पुलिस बल एवं ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग
रेस्क्यू अभियान में थाना शमशाबाद के प्रधान आरक्षक राजेन्द्र सिंह, आरक्षक दिलीप सिंह, आरक्षक दीपक पाल एवं आरक्षक वीरेन्द्र दांगी की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही। वहीं सरपंच रामकुमार शर्मा, चौकीदार घासीराम, रोहित मेहर, अंशुल राजपूत, अमित जाट, संजू सेन, आलोक राजपूत, भारत जाट, रवि सिंह, मजबूत सिंह जाट, दीपक धाकड़, श्रवण राजपूत एवं राजेन्द्र जाट सहित अन्य ग्रामीणों ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान कर रेस्क्यू अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
युवक सुरक्षित, अस्पताल में कराया गया उपचार
युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के पश्चात तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से शासकीय अस्पताल शमशाबाद पहुंचाकर उपचार हेतु भर्ती कराया गया, जहाँ चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत उसकी स्थिति सामान्य पाई गई।
वरिष्ठ अधिकारियों का सतत मार्गदर्शन
सम्पूर्ण रेस्क्यू अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी तथा एसडीओपी लटेरी अमरेश बोहरे का सतत मार्गदर्शन प्राप्त होता रहा, जिसके फलस्वरूप अभियान का सफलतापूर्वक संचालन किया गया।

साहस और समन्वय से टली संभावित अप्रिय घटना
शमशाबाद पुलिस एवं ग्रामवासियों की तत्परता, समन्वय, साहस एवं मानवीय संवेदनशीलता के कारण एक संभावित अप्रिय घटना को सफलतापूर्वक टालते हुए युवक का जीवन सुरक्षित बचाया जा सका। यह अभियान पुलिस एवं आमजन के बेहतर समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बना।
रेस्क्यू ऑपरेशन के हीरोज़ हुए सम्मानित
रेस्क्यू अभियान में असाधारण साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं मानवता का परिचय देने वाले पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों के उत्कृष्ट योगदान की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी द्वारा जिला मुख्यालय पर प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।