सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज रायसेन
मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के बेगमगंज विकासखंड में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के सैकड़ों हितग्राही पिछले चार माह से पेंशन नहीं मिलने के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। कई बुजुर्गों के सामने दो वक्त की रोटी, दवा और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। बैंक के लगातार चक्कर लगाने के बावजूद खातों में राशि नहीं पहुंची है। हालांकि, विभाग का कहना है कि शासन से राशि मिलते ही सभी पात्र हितग्राहियों के खातों में पेंशन जमा हो जाएगी।
रायसेन जिले के बेगमगंज विकासखंड में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के हितग्राही पिछले चार माह से पेंशन मिलने का इंतजार कर रहे हैं। इनमें अधिकांश लोग गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले हैं, जिनके लिए पेंशन ही आजीविका का प्रमुख सहारा है।
60 वर्ष से अधिक आयु के अनेक बुजुर्ग ऐसे हैं, जिनका कोई सहारा नहीं है। उम्र और बीमारी के कारण वे मजदूरी करने में भी सक्षम नहीं हैं। ऐसे में शासन से मिलने वाली मासिक पेंशन और राशन के भरोसे ही उनका जीवन चल रहा है।
बेगमगंज विकासखंड में करीब 11 हजार हितग्राही केंद्र और राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ लेते हैं। इनमें वृद्ध, विधवा, दिव्यांग, निराश्रित और परित्यक्ता हितग्राही शामिल हैं।
लगातार चार माह से पेंशन नहीं मिलने के कारण कई बुजुर्ग आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। दवा, राशन और अन्य आवश्यक जरूरतों के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर होना पड़ रहा है। कई हितग्राही रोज बैंक पहुंचकर खाते की जानकारी ले रहे हैं, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन अधिकारी दुर्गेश कुमार लोधी से मिली जानकारी अनुसार कुछ हितग्राहियों की पेंशन राशि मार्च माह तक की ही मिली हैं। और यह राशि केंद्र सरकार द्वारा राज्य सरकार को दी जाती है, जैसे ही केंद्र सरकार द्वारा राज्य सरकार को भेजी जाएगी तुरंत यह राशि हितग्राहियों के खाते में जमा हो जाएगी।