राहुल गांधी की गिरफ्तारी और छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में रायसेन में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन
युवा कांग्रेस का सामूहिक जेल भरो आंदोलन
कार्यकर्ताओं ने किया जेल भरो आंदोलन
रायसेन। दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी और छात्रों पर हुई पुलिस कार्यवाही के विरोध में रायसेन में युवा कांग्रेस ने सामूहिक जेल भरो आंदोलन किया। सागर तिराहे पर धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चक्का जाम करने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर जिला जेल भेज दिया।

रायसेन जिला युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन सोलंकी के नेतृत्व में जिले भर से पहुंचे युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सागर तिराहे पर एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और राहुल गांधी की गिरफ्तारी का विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कुछ देर के लिए चक्का जाम करने का प्रयास भी किया गया।

प्रदर्शन के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और सभी को गिरफ्तार कर जिला जेल भेज दिया। प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करने का आरोप लगाया।