दीवानगंज पंचायत में शुरू हुआ विशेष अभियान, हजारों हितग्राहकों के लिए अहम महीना
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन प्राप्त करने वाले हजारों हितग्राहकों के लिए यह महीना बेहद महत्वपूर्ण साबित होने वाला है। शासन के निर्देश पर राशन कार्डधारकों की ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में ई-केवाईसी नहीं कराने वाले हितग्राहियों को भविष्य में राशन प्राप्त करने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
दीवानगंज पंचायत भवन में भी ई-केवाईसी का कार्य प्रारंभ हो गया है। मलखान सिंह ठाकुर द्वारा सभी हितग्राही की केवाईसी की जा रही है। राशन दुकानों और संबंधित केंद्रों पर हितग्राहियों की पहचान का सत्यापन किया जा रहा है। इसके लिए लाभार्थियों को स्वयं उपस्थित होकर आधार आधारित सत्यापन कराना होगा, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि राशन का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्तियों तक ही पहुंच रहा है।
जानकारी के अनुसार कई लोगों का मानना है कि उन्होंने पहले ही केवाईसी करा रखी है, लेकिन विभागीय अधिकारियों का कहना है कि करीब पांच वर्ष पहले कराई गई केवाईसी अब मान्य नहीं मानी जाएगी और शासन के नए निर्देशों के तहत दोबारा ई-केवाईसी कराना आवश्यक है।

फर्जीवाड़े पर लगेगी रोक
विभाग का कहना है कि ई-केवाईसी अभियान का उद्देश्य मृत, अपात्र और डुप्लीकेट हितग्राहियों को सूची से अलग करना है। इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी बनेगी और पात्र परिवारों को नियमित रूप से राशन उपलब्ध कराया जा सकेगा।
ग्रामीणों की बढ़ी चिंता
अभियान शुरू होते ही कई ग्रामीणों में चिंता भी देखने को मिल रही है। जिन लोगों को प्रक्रिया की जानकारी नहीं है या जो बाहर मजदूरी के लिए गए हुए हैं, उनके परिजनों को समय रहते ई-केवाईसी कराने की चिंता सताने लगी है। पंचायत प्रतिनिधि और राशन विक्रेता लगातार लोगों को जागरूक करने में जुटे हैं।
समय रहते कराएं ई-केवाईसी
अधिकारियों ने सभी राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे आधार कार्ड के साथ निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर जल्द से जल्द ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि भविष्य में राशन वितरण के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।